रायपुर , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में बुधवार को 32वें अखिल भारतीय राज्य चुनाव आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। राज्यपाल रमेन डेका ने सम्मेलन का उद्घाटन किया और 'छत्तीसगढ़ लोकल बॉडी इलेक्शन ईयर बुक-2026' के प्रथम संस्करण का विमोचन किया।

लगभग 11 वर्ष बाद छत्तीसगढ़ इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के राज्य निर्वाचन आयुक्त, वरिष्ठ अधिकारी और निर्वाचन विशेषज्ञ स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों को अधिक पारदर्शी, समावेशी और तकनीक-सक्षम बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।

राज्यपाल डेका ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्थानीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचन प्रक्रिया में निरंतर सुधार के साथ आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन व्यवस्था को अधिक सशक्त, पारदर्शी और समावेशी बनाने की दिशा में नवाचारों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

राज्य चुनाव आयुक्त अजय सिंह ने देशभर से आए प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्यों और स्थानीय निकाय निर्वाचन को अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। मुख्य सचिव विकास शील ने स्थानीय स्वशासन, निर्वाचन प्रक्रिया और प्रशासन तथा निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

सम्मेलन के पहले दिन निर्वाचन प्रबंधन में डिजिटल तकनीक के उपयोग, तकनीकी नवाचार, पारदर्शिता और स्थानीय निकाय चुनावों की प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा शुरू हुई। राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव ने भी अपने विचार रखे। स्थायी समिति के संयोजक सुधांशु पांडे ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी सहित आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित