रायपुर , अगस्त 19 -- छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक में नवा रायपुर में ई-बसों के संचालन, विभिन्न कार्यालय भवनों के निर्माण तथा रायगढ़ और जांजगीर-चांपा की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं से संबंधित प्रस्तावों पर बुधवार को विचार-विमर्श किया गया। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में नवा रायपुर अटल विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) और लोक निर्माण विभाग की प्रस्तावित परियोजनाओं के तकनीकी, वित्तीय और क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गयी।

बैठक में नवा रायपुर में कंप्लायंट बैटरी ऑपरेटेड मोटर एसी ई-बसों के संचालन पर विस्तार से चर्चा की गयी। ई-बसों के डिजाइन, प्रोक्योरमेंट, सप्लाई, परिचालन और संधारण के लिए ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर निविदा आमंत्रित करने का प्रस्ताव समिति के समक्ष रखा गया। अधिकारियों ने इसके तकनीकी और क्रियान्वयन संबंधी पहलुओं की जानकारी दी।

समिति ने छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के कार्यालय सहित अन्य कार्यालय भवनों के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर भी विचार किया। अधिकारियों ने भवनों की आवश्यकता और प्रस्तावित निर्माण कार्यों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रस्तुत की।

लोक निर्माण विभाग की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान रायगढ़ जिले में रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन मार्ग के प्रस्ताव पर प्रमुखता से चर्चा हुई। करीब 37 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण के लिए प्रभावित भूमि के अर्जन, भूमि व्यपवर्तन और निर्माण की तैयारियों सहित विभिन्न तकनीकी विषयों पर विचार किया गया।

इसी तरह जांजगीर-चांपा जिले में करीब 6.70 किलोमीटर लंबे अकलतरा बायपास मार्ग के निर्माण प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। समिति ने परियोजना के तकनीकी और निर्माण संबंधी पहलुओं की समीक्षा करते हुए आगे की आवश्यक प्रक्रियाओं पर विचार-विमर्श किया।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भूवनेश यादव, ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर, एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित वित्त, लोक निर्माण और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित