नवादा , जुलाई 24 -- बिहार में नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड अंतर्गत सांगोवर गांव में शुक्रवार की दोपहर वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई,तथा दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान शंभु कुमार (44) सोनू कुमार (10 ), मदन राजवंशी (55)तथा मुनेश्वर राजवंशी (55), के रूप में हुई है।

वहीं झुलसी दो महिला शोभा देवी तथा सुनीता देवी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे सभी लोग गांव के पास पहाड़ के समीप एक पेड़ के नीचे मौजूद थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ। इस घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार तथा अंचलाधिकारी रईस आलम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

अंचलाधिकारी रईस आलम ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधान के तहत मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित