पटना , मई 20 -- द्योग विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत स्टार्टअप बिहार पहल को और सशक्त बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पर्सनल इंटरैक्शन सेशन का आयोजन किया गया। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ. विद्या नंद सिंह, निदेशक हथकरघा एवं रेशम निदेशालय, अमन समीर, निदेशक एमएसएमई एवं खाद्य प्रसंस्करण; तथा मुकुल कुमार गुप्ता, निदेशक,उद्योग ने संयुक्त रूप से की।

इस अवसर पर योग्य आवेदकों, सेकेंड ट्रांच तथा पोस्ट-सीड श्रेणी के स्टार्टअप्स ने अपने स्केलेबल, व्यवहारिक एवं नवाचार आधारित व्यावसायिक मॉडलों का प्रस्तुतीकरण किया। स्टार्टअप्स द्वारा प्रस्तुत विचारों में तकनीक, कृषि, विनिर्माण, सेवा एवं सामाजिक नवाचार जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े समाधान शामिल रहे।

सत्र के दौरान निदेशकों द्वारा स्टार्टअप्स के बिजनेस मॉडल, वित्तीय व्यवहार्यता, रोजगार सृजन क्षमता तथा राज्य में उनके संभावित प्रभाव का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। साथ ही उद्यमियों को अपने विचारों को और प्रभावी एवं बाजारोन्मुख बनाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

यह पहल बिहार में नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा युवाओं को आत्मनिर्भर एवं रोजगार सृजनकर्ता बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित