आगरमालवा , जुलाई 31 -- मध्य प्रदेश के आगरमालवा के नवागत कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने कहा है कि जिला अस्पताल से मरीजों को अनावश्यक अथवा बिना उचित कारण अन्यत्र रेफर किए जाने के मामलों का ऑडिट कराया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी मरीज को बिना आवश्यकता निजी चिकित्सा संस्थान या अन्य स्थान पर रेफर न किया जाए।

डॉ. मीना ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पत्रकारों से संवाद के दौरान कहा कि जिले में औद्योगिक विकास एवं विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। जिला प्रशासन औद्योगिक विकास को गति देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास करेगा।

उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के दौरान उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को आगरमालवा के धार्मिक स्थलों की ओर आकर्षित करने के लिए विशेष पहल की जाएगी, जिससे जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।

कलेक्टर ने पत्रकारों से विभिन्न विषयों पर सुझाव भी प्राप्त किए और उन पर प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बैजनाथ धाम विकास कार्य तथा बगलामुखी माता मंदिर के देवीलोक निर्माण कार्य को समय-सीमा में पूरा कराया जाएगा। साथ ही बाणगंगा नदी को अविरल प्रवाहमान बनाने के लिए जल संसाधन विभाग से परीक्षण कराकर आवश्यक प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित