चंडीगढ़ , अक्टूबर 22 -- पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने काउंटर इंटेलिजेंस और एसबीएस नगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में नवांशहर से गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े दो कथित सहयोगियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से .30 बोर की दो पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे अपने संचालकों के संपर्क में थे। उन्हें एसबीएस नगर में अदालत में पेशी के दौरान प्रतिद्वंद्वी गिरोह के एक सदस्य की हत्या करने का कथित तौर पर जिम्मा सौंपा गया था।

पुलिस ने दावा किया कि दोनों की समय रहते गिरफ्तारी से लक्षित हत्या की साजिश नाकाम हो गई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने तीन अक्टूबर 2026 को लुधियाना में एक सरपंच की हत्या में कथित संलिप्तता भी बताई है। जांच में इस वारदात के पीछे विदेश में बैठे संचालकों द्वारा सुपारी दिए जाने की आशंका जताई गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के व्यापक आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों से उनके संबंधों का पता लगाने के लिए आगे जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित