अंबिकापुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक 18 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के केपी गांव की है, जहां विवाह के महज ढाई महीने बाद इस दुखद घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश गिरी (19) की शादी उदयपुर ब्लॉक के ग्राम पूटा निवासी पूजा गिरी (18) के साथ करीब ढाई महीने पहले सामाजिक रीति-रिवाज के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि आज शाम (06 अप्रैल) पूजा ने अपने पति को फोन कर घर बुलाया और तबीयत खराब होने की जानकारी दी। पति के घर पहुंचने पर पूजा ने सामान्य व्यवहार किया, लेकिन कुछ देर बाद अचानक कमरे में जाकर खुद को अंदर से बंद कर लिया।
जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजन घबरा गए। उन्होंने छप्पर पर चढ़कर उसे तोड़ा और कमरे के भीतर पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। पूजा साड़ी के फंदे से लटकी हुई मिली। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पूछताछ में पति मुकेश गिरी ने बताया कि वह शाम के समय डांस सीखने गया था। इसी दौरान पूजा ने उसे फोन कर तबीयत खराब होने और दवा लाने को कहा था। घर आने में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई थी।पूजा अक्सर छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित