फिरोजाबाद , अक्टूबर 29 -- फिरोजाबाद जिले के थाना रजावली क्षेत्र में एक नव विवाहिता का शव गुरुवार को फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की शादी विगत अप्रैल माह में हुई थी। मृतका के भाई ने ससुराली जनों पर उत्पीड़न में दहेज हत्या की शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने बताया कि रुधऊ निवासी आकाश कुमार की पत्नी संध्या (20) का शव आज सुबह फंदे पर लटका मिला। सूचना पर मृतका के मायका पक्ष के लोग भी पहुंच गए।

मृतका के भाई ने जानकारी दी कि बुधवार शाम को वह लोग पहले करवा चौथ होने के कारण ससुराल में सामान देने आए थे तो उन्हें जानकारी मिली कि अतिरिक्त दहेज की मांग के कारण बहन संध्या काे ससुराली जन मारते पीटते हैं। ससुराल जन उसको करवा चौथ का व्रत भी नहीं रखने दे रहे थे।

पुलिस ने मांयका पक्ष की शिकायत के आधार पर ससुराली जनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराया गया है जिसकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित