चम्पावत , अक्टूबर 09 -- उत्तराखंड के चंपावत पुलिस प्रशासन ने मां पूर्णागिरी धाम में नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते शुक्रवार को अग्नि सुरक्षा उपायों की सघन जांच की और जल्द एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टनकपुर की अग्नि सुरक्षा टीम ने आज मां पूर्णागिरि मंदिर, धर्मशाला, ठुलीगाड़ और बूम क्षेत्र में होटलों, होम-स्टे, रेस्टोरेंट एवं अन्य संस्थानों का फायर रिस्क निरीक्षण किया।
इस दौरान संस्थानों में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की स्थिति, कार्यशीलता और उपलब्धता के साथ ही अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों की बारीकी से जांच की गई। टीम ने वहां मौजूद लोगों को उपकरणों के सही संचालन और आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी।
साथ ही जिन संस्थानों में आवश्यक अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं मिले या सुरक्षा उपाय अधूरे पाये गये, उन्हें अविलंब आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित