लखीमपुर खीरी , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में चैत्र नवरात्र के प्रथम दिवस एवं नव संवत्सर के अवसर पर शहर को एक बड़ी विकासात्मक सौगात मिली। संकटा देवी से लालपुर तक मुख्य मार्ग के फोरलेन निर्माण कार्य का शिलान्यास गुरुवार को सदर विधायक योगेश वर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया।

इस अवसर पर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे जहां यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित होगी, वहीं व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जाम और संकरी सड़कों की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलेगी।

मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाएगा, जिससे आमजन को शीघ्र ही बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत रेलवे क्रॉसिंग पर रोड ओवर ब्रिज के निर्माण की भी स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे जाम की समस्या में कमी आएगी।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता तरुणेन्द्र त्रिपाठी के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में बताया गया कि लखीमपुर फीडर मार्ग के 3.65 किलोमीटर हिस्से को चार लेन में विकसित किया जाएगा। यह मार्ग संकटा देवी चौराहा से पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग -730 तक जाता है और शहर के प्रमुख व्यस्त मार्गों में शामिल है।

परियोजना के अंतर्गत लगभग 3,161.84 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। निर्माण कार्य का शुभारंभ गुरुवार को किया गया तथा इसे 15 मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित