मुंबई , अक्टूबर 12 -- महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व के अचोले इलाके में रविवार रात नवरात्र उत्सव के दौरान एक संकरे मार्ग पर आवाजाही को लेकर हुए विवाद के बाद दो गुटों के बीच झड़प में करीब 10 लोग घायल हो गये।

पुलिस के अनुसार, यह घटना अचोले मित्र मंडल के पास हुई, जहां नवरात्र का उत्सव मनाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ, जब कृष्णा नामक एक दोपहिया वाहन चालक और एक टेम्पो चालक के बीच सड़क के संकरे मार्ग पर रास्ता देने को लेकर हुई बहस हिंसक हो गयी और मंडल के सदस्यों ने दोपहिया चालक के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद कृष्णा वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ लौटा, जिससे दोनों पक्षों के बीच टकराव शुरू हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया और लाठी-डंडों से हमले किये। इस हिंसा में नवरात्रि उत्सव के लिए मंडल की स्थापित प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। इस हिंसा के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जबकि घायलों को वसई-विरार महानगर पालिका द्वारा संचालित तुलिंज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

स्थानीय तुलिंज पुलिस थाने ने रविवार देर रात हमले में शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है और एहतियात के तौर पर आयोजन स्थल के पास पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित