बैतूल , अक्टूबर 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में शारदीय नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने शहर के टिकारी स्थित प्रसिद्ध पुराने सितारा मंडल की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। रविवार रात पुलिस अधिकारियों ने पंडाल का जायजा लेकर आयोजकों और डीजे संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में पहुंचे दल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, गंज थाना प्रभारी अमित पवार और कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया शामिल रहे। अधिकारियों ने पंडाल परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की भीड़ के प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। पुराना सितारा मंडल मां काली की भव्य प्रतिमा और धार्मिक आस्था के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। यहां नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों और डीजे संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा और समय संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से भी नियमों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित