जगदलपुर , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर माता के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के उद्देश्य से जगदलपुर के पंडरीपानी स्थित तितली गार्डन में नौ दिवसीय पदयात्री सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया।
अभिषेक राव एवं केवीआर ब्रदर्स की ओर से संचालित इस सेवा केंद्र का उद्घाटन बस्तर सांसद महेश कश्यप, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी और बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स के श्याम सोमानी ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर आज किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि नवरात्रि के दौरान पदयात्रियों के लिए इस प्रकार की सेवा व्यवस्था श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करेगी। विशेष रूप से लंबी दूरी तय कर माता के दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों को इसका लाभ मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार, सेवा केंद्र में श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल, व्रतधारी भक्तों के लिए फलाहार, प्राथमिक चिकित्सा और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त महिलाओं और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए विशेष बैठक व्यवस्था के साथ भंडारे का भी प्रबंध किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित