रायपुर , अक्टूबर 09 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रि उत्सव के दौरान गरबा आयोजनों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल ने बीती रात शहर के प्रमुख गरबा आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आयोजन संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने स्पष्ट किया कि गरबा आयोजनों के लिए जारी अनुमति पत्र में निर्धारित सभी शर्तों का पालन अनिवार्य होगा। किसी भी आयोजक द्वारा नियमों का उल्लंघन किए जाने पर उसकी अनुमति तत्काल निरस्त कर दी जाएगी। इसके साथ ही संबंधित आयोजक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, सभी गरबा स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाना और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। आयोजन स्थलों पर पुरुष एवं महिला स्वयंसेवकों के साथ निजी सुरक्षा गार्ड भी तैनात करने होंगे। आयोजकों को इन सभी सुरक्षाकर्मियों और स्वयंसेवकों की सूची संबंधित पुलिस थाने में जमा करनी होगी।
भीड़ प्रबंधन को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। गरबा पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग समुचित व्यवस्था रखने के साथ आपातकालीन द्वार स्पष्ट रूप से चिह्नित और खुले रखने होंगे। आयोजन स्थल पर निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा वाहनों की पार्किंग ऐसी जगह सुनिश्चित करनी होगी, जिससे मुख्य सड़कों पर यातायात बाधित न हो।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गरबा कार्यक्रम केवल निर्धारित स्थान और अनुमति में उल्लेखित समयावधि के भीतर ही आयोजित किए जा सकेंगे। डीजे और अन्य ध्वनि उपकरणों का संचालन भी निर्धारित समय तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों के अनुरूप करना होगा।
सुरक्षा के मद्देनजर गरबा स्थलों पर हथियार, ज्वलनशील पदार्थ, शराब और अन्य नशीले पदार्थों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रत्येक आयोजन स्थल पर अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार पेटी की व्यवस्था करना अनिवार्य किया गया है। इसके अतिरिक्त आयोजन के दौरान कम से कम दो जिम्मेदार पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित