श्रीगंगानगर , मार्च 07 -- राजस्थान बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष एवं दो बार सदस्य रहे वरिष्ठ अधिवक्ता नवरंग चौधरी इस बार चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। करीब 25 वर्ष पहले एक आमसभा में न्यायपालिका पर की गयी टिप्पणी को लेकर अदालत की अवमानना के मामले में उच्च न्यायालय, जोधपुर ने उन्हें कारावास की सजा सुनाने के साथ ही दो हजार रुपये का जुर्माना किया, हालांकि उच्चतम न्यायालय ने उनकी कारावास की सजा माफ कर दी, लेकिन जुर्माना बरकरार रखा। इसी प्रावधान के तहत उन्हें अयोग्य ठहरा दिया गया है।

अगले महीने होने वाले राजस्थान बार काउंसिल चुनाव के लिए अब उनकी जगह श्रीगंगानगर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता चरणदास कंबोज को चुनाव मैदान में उतार दिया गया है।

श्री चौधरी ने अपनी आखिरी उम्मीद के तौर पर राजस्थान बार काउंसिल चुनाव करवा रही निरीक्षणात्मक समिति के समक्ष एक मार्च को याचिका दायर की थी। जो तीन मार्च को ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई सुनवाई में खारिज कर दी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित