धार , मई 21 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में वन संपदा संरक्षण और वृक्षारोपण कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नवनीकृत ईको सेंटर का उद्घाटन किया गया तथा वन अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।
वन विभाग के अनुसार स्थानीय ईको सेंटर का पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टी.आर. ने इसका विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यशाला में वन संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की गई।
कार्यशाला के दौरान वन मंडल अधिकारी ने वन परिक्षेत्र अधिकारियों, परिक्षेत्र सहायकों और बीटगार्ड्स को संबोधित करते हुए आगामी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से गड्ढों की खुदाई, मिट्टी उपचार, क्षेत्रानुकूल पौधों के चयन, मुनारा निर्माण, निरीक्षण पथ, चौकीदार हट तथा पौधों की सुरक्षा के लिए फेसिंग पोल की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित और कालातीत प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारियों को 15 दिवस के भीतर सभी लंबित मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में वन भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण हटाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाकर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें।कार्यक्रम में धार वन मंडल के विभिन्न परिक्षेत्र अधिकारियों, कर्मचारियों और विभागीय अमले ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित