दरभंगा , अगस्त 17 -- बिहार में दरभंगा जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रड्डी जलारड्डी ने सोमवार को प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवनियुक्त सिपाहियों को अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, कानून की जानकारी और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।दरभंगा में आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सिपाहियों में खगड़िया जिलाबल के 174 एवं शिवहर जिलाबल के 77 नवनियुक्त सिपाही शामिल हैं।

पुलिस लाइन परिसर में आयोजित पुलिस सभा को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने सिपाहियों को पीटी, परेड, कक्षाओं एवं अन्य निर्धारित गतिविधियों में समय पर उपस्थित रहने तथा प्रशिक्षण कैंप के अंदर और बाहर उच्च कोटि का अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिये । उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों के आदेशों का पूरी तरह पालन करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने नवनियुक्त सिपाहियों से नियमित रूप से शारीरिक प्रशिक्षण, योग एवं सहनशक्ति बढ़ाने वाले अभ्यासों में भाग लेने तथा शारीरिक एवं मानसिक दक्षता विकसित करने को कहा। साथ ही पुलिस अधिनियमों के बुनियादी प्रावधानों की जानकारी प्राप्त करने तथा फील्ड वर्क के दौरान अपराध नियंत्रण, अनुसंधान एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के तौर-तरीकों को समझने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित