बैतूल , अगस्त 01 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार को बैतूल-इंदौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा खेड़ी के पास उस समय हुआ, जब दोनों बेटी और नवजात शिशु से मुलाकात कर अपने गांव लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गोघामा निवासी शंकर लोखंडे (48) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल मनोज कनाठे (45) को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, शंकर लोखंडे अपनी बेटी से मिलने बैतूल आए थे। उनकी बेटी शहर के नोबल अस्पताल में भर्ती थी, जहां हाल ही में उसने एक बच्ची को जन्म दिया था। बेटी और नवजात से मुलाकात करने के बाद शंकर अपने साथी मनोज कनाठे के साथ आल्टो कार से गोघामा गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान खेड़ी के समीप बैतूल-इंदौर हाईवे पर पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने शंकर लोखंडे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मनोज कनाठे की हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में उनके पैर ने काम करना बंद कर दिया है, कमर में भी गंभीर चोट आई है और वह बोलने की स्थिति में भी नहीं हैं। उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित