रायपुर , जनवरी 14 -- छत्तीसगढ में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नवाचारी पहल करते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने "प्रोजेक्ट ग्रीन पालना" अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत नवजात शिशु के जन्म को प्रकृति से जोड़ते हुए प्रसूता महिलाओं को फलदार पौधे भेंट किए जा रहे हैं।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में यह अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। हाल ही में अभनपुर में तीन, बिरगांव में पांच तथा एमसीएच कालीबाड़ी में 12 माताओं को शामिल करते हुए कुल 20 प्रसूताओं को 100 फलदार पौधे वितरित किए गए।
अस्पताल परिसर में पौधे प्रदान कर माताओं को यह संदेश दिया जा रहा है कि जिस संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से वे अपने शिशु का पालन-पोषण करती हैं, उसी समर्पण के साथ पौधों की देखभाल भी करें। यह पहल मातृत्व की भावना को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रतीक बन रही है।
"ग्रीन पालना" अभियान न केवल शिशु जन्म के अवसर को स्मरणीय बनाता है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए हरित और स्वच्छ वातावरण तैयार करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित