मुंबई , अक्टूबर 22 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को घोषणा की कि उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ व्यापक चर्चा के बाद आगामी नवंबर के पहले सप्ताह में राज्य की रसायन उद्योग के लिए एक विशेष नीति लायी जायेगी।

मुख्यमंत्री ने 'इंडिया केम 2026' कार्यक्रम में रसायन उद्योग की हस्तियों को बताया कि रसायन उद्योग के लिए यह विशेष नीति कैसे तैयार की गयी है। इस कार्यक्रम का उदघाटन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने किया था।

श्री फडणवीस ने कहा, "रसायन उद्योग के नेताओं के साथ चर्चा करने के बाद जब हमने 2025 में अपनी औद्योगिक नीति तैयार की थी, तभी विशेष रूप से रसायन उद्योग पर ध्यान दिया था। लेकिन बाद में जब मैंने खुद इस पूरे उद्योग के लोगों से बात की, तो यह साफ हो गया कि इस क्षेत्र के लिए एक अलग और खास नीति की जरूरत है।" उन्होंने बताया कि इस नीति का मसौदा तैयार करने का काम अपने अंतिम चरण में है। इसमें उद्योग जगत की जानी-मानी हस्तियों से मिले सुझावों को शामिल किया गया है, जिनमें से कुछ लोग इस कार्यक्रम में भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित