गोपालगंज, सितंबर 07 -- िहार सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की जांच कराने के क्रम में नल जल योजना अंतर्गत सभी पंचायतों में नल जल की जांच जिला पदाधिकारी से 07 और 8 सितंबर को कराई जा रही है।उल्लेखनीय है कि जिले में नल-जल योजना के क्रियान्वयन एवं संचालन के संबंध में प्राप्त शिकायतों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।इसी आलोक में जिला पदाधिकारी, गोपालगंज समीर सौरभ के निर्देश पर जिले के सभी 230 पंचायतों के लगभग 3,110 वार्डों में नल-जल योजना के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत की विशेष जांच का आदेश दिया गया है।

जांच के लिए 230 कर्मियों को एक साथ प्रतिनियुक्त किया गया है, जो 07 एवं 08 सितंबर को पूरे दिन संबंधित पंचायतों एवं वार्डों में पहुंचकर नल-जल योजना की वास्तविक स्थिति का स्थलीय सत्यापन करेंगे।

जांच के दौरान योजना की कार्यशीलता, जलापूर्ति की स्थिति तथा योजना के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं का स्थल पर सत्यापन किया जाएगा। प्राप्त जांच प्रतिवेदनों का समेकित रूप से अनुश्रवण करते हुए जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। सरकार एवं जिला प्रशासन का उद्देश्य नल-जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करते हुए आम लोगों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित