हैदराबाद , अगस्त 10 -- तेलंगाना में नलसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के छात्रों ने दीक्षांत समारोह में भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पास आउट हो रहे 2026 एलएलबी और एलएलएम बैचों सहित विभिन्न बैचों के छात्रों ने गत 23 जुलाई को कुलपति, कुलसचिव और प्रोफेसरों को ईमेल भेजकर विश्वविद्यालय से सीजेआई को आमंत्रित न करने का अनुरोध किया था।छात्रों ने प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई से जुड़ी याचिका की सुनवाई के दौरान सीजेआई की टिप्पणियों पर चिंता जतायी है।
छात्रों ने बताया कि उनका विरोध इस बात से शुरू हुआ कि सीजेआई की अगुआई वाली उच्चतम न्यायालय की पीठ ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर 'चलो संसद' प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ी याचिका की जल्द सुनवाई से इनकार कर दिया था। उन्होंने सीजेआई की उन टिप्पणियों का भी हवाला दिया, जिनमें उन्होंने कहा था कि जब मुख्य अधिवक्ता ने पुलिस कार्रवाई का फुटेज दिखाने की पेशकश की, तो पीठ ने वीडियो देखने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखायी।
छात्रों ने कहा, "कानून का विद्यार्थी होने के नाते, हमारी चिंता पास आउट हो रहे बैच के रूप में अधिक सीमित और विशिष्ट है।" उन्होंने तर्क दिया कि दीक्षांत समारोह में संवैधानिक अधिकारों, न्याय तक पहुंच और शिकायतों के तर्कसंगत समाधान के नलसार के मूल्यों की झलक मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी ऐसे गणमान्य व्यक्ति से डिग्री प्राप्त करना, जिनका हालिया सार्वजनिक आचरण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस बर्बरता के आरोपों को खारिज करने वाला लगता है, इस लॉ यूनिवर्सिटी में पढ़ाये गये मूल्यों के विपरीत होगा।
लगभग 450 छात्रों ने इस ज्ञापन का समर्थन किया है, जो नलसार के लगभग 1,400 छात्रों की कुल संख्या का एक तिहाई है। छात्रों ने विश्वविद्यालय से मुख्य अतिथि के चयन पर पुनर्विचार करने तथा अंतिम निर्णय लेने या निमंत्रण भेजने से पहले पास आउट हो रहे बैच से सलाह लेने का आग्रह किया है।
एक छात्र ने सोमवार को बताया कि छात्रों को अपने ईमेल का विश्वविद्यालय प्रशासन से कोई जवाब नहीं मिला है।
इस मामले में टिप्पणी के अनुरोध पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों की ओर से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है।
विश्वविद्यालय ने अभी तक दीक्षांत समारोह की तारीख की घोषणा नहीं की है और न ही आधिकारिक तौर पर अपने मुख्य अतिथि की पुष्टि की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित