आगरमालवा , सितंबर 27 -- मध्यप्रदेश में आगरमालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास 19 सितंबर को हुई दुर्घटना के बाद जारी आंदोलन के तहत रविवार को नगर पूरी तरह बंद रहा। प्रदर्शनकारी दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई, नाले की पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने और मंदिर मार्ग पर स्थायी सुरक्षा इंतजाम की मांग कर रहे हैं।

नगर बंद के दौरान कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना और पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की, लेकिन मांगों को लेकर कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। बातचीत बेनतीजा रहने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मांगों पर कार्रवाई होने तक बंद जारी रखने की बात कही। आंदोलन के समर्थन में मंदिर परिसर और बाहर हवन-अनुष्ठान कराने वाले पंडित और आचार्यों ने भी अनुष्ठान बंद रखे।

सुसनेर एसडीपीओ देवनारायण यादव ने बताया कि नगरवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाने की मांग रखी। कलेक्टर की ओर से व्यवस्थाओं में सुधार और सुविधाएं बढ़ाने से जुड़े सुझावों पर विचार कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया है।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर की व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर काम किया जाएगा। स्थानीय नागरिकों के साथ समय-समय पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में नगरवासियों से सुझाव लिए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि 19 सितंबर को नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास तेज बारिश के दौरान बरसाती नाले का पानी बढ़ने से श्रद्धालुओं से भरी एक चार पहिया वाहन तेज बहाव में बह गई थी। इसमें सवार आठ लोगों की मौत हुई थी। वाहन चालक आगरमालवा जिले के ग्राम सुदवास का रहने वाला था, जबकि अन्य मृतक ओडिशा के रहने वाले थे। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रभारी मंत्री नागरसिंह चौहान ने दुख व्यक्त किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित