आगर-मालवा , जून 16 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नलखेड़ा पुलिस ने 901.68 बल्क लीटर अवैध शराब ज़ब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ज़ब्त शराब की अनुमानित कीमत चार लाख 24 हजार 300 रुपये आंकी गई है। पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली थी कि ग्राम गुराखेड़ी में एक व्यक्ति अवैध शराब का भंडारण कर विक्रय कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से तीन पेटी मसाला लाल शराब और चार पेटी देशी प्लेन शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुकेश कुमार यादव निवासी ग्राम गुराखेड़ी बताया। पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर ग्राम डिगोन स्थित एक मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान के एक बंद कमरे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।

पुलिस ने वहां से 47 पेटी देशी प्लेन शराब, 16 पेटी मसाला लाल शराब, 14 पेटी बीयर कैन, 10 पेटी ग्लोबल ग्रीन शराब तथा दो पेटी ब्लैक जगुआर शराब जप्त की। पुलिस ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी मुकेश कुमार यादव (45) निवासी ग्राम गुराखेड़ी, थाना नलखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित