श्रीगंगानगर , जून 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में राजस्थान नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति के प्रांतीय आह्वान पर यहां नर्सों द्वारा चलाया जा रहा आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया है।
श्रीगंगानगर में राजकीय जिला चिकित्सालय में राजस्थान नर्सेज संघ द्वारा आज प्रशासनिक ब्लॉक के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के बाद बैठक में संघ के उपाध्यक्ष राहुल मोयल और चिरंजीलाल ने बताया कि संगठन मृतक संविदा नर्सिंग कर्मी दीपक के परिवार को न्याय देने और हटाये गये संविदा नर्सों को पुनः सेवा में लेने सहित आगामी नर्सिंग भर्ती मेरिट और अनुभव के बोनस अंकों के आधार पर करने, चिकित्सा विभाग में नर्सों की भर्ती रोजगार एजेंसी के जरिए करने पर रोक लगाने सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर 12 जून से आंदोलन कर रही है, लेकिन अब तक नर्सों को न्याय नहीं मिला है। इस कारण अब आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए कल से उपखण्ड स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा।
जिलाध्यक्ष रविन्द्र शर्मा ने बताया कि जयपुर के सभी सरकारी अस्पतालों में नर्सेज चरणबद्ध रूप से आंदोलन करके राज्य सरकार से मांगों पर कार्रवाई करने का आग्रह कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई राहत नर्सों को नहीं मिली है। इस कारण नर्सों में रोष बढ़ता जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित