फिरोजाबाद , नवंबर 03 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के मटसेना क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे नर्सिंग छात्रा का शव मिलने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रेमी द्वारा फोन नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद छात्रा मानसिक तनाव में थी और उसने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी।

पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि मटसेना थाना क्षेत्र में पिछले बुधवार को रेलवे लाइन के किनारे नर्सिंग छात्रा प्रीति (23) का शव बरामद हुआ था। वह मैनपुरी जिले के ओछा क्षेत्र की निवासी थी और फिरोजाबाद के एक नर्सिंग कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह कॉलेज के छात्रावास में रह रही थी।

घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने कॉलेज के प्रधानाचार्य, संचालक और उनके बेटे पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी सदर को सौंपी गई थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विवेचना के दौरान कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज, छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल और उसके साथ पढ़ने वाली छात्राओं के बयान की जांच की गई। इसके आधार पर सिरसागंज निवासी पॉलिटेक्निक के छात्र अमन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, अमन और प्रीति के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे।

जांच में सामने आया कि 27 अक्टूबर को अमन ने प्रीति का फोन नंबर ब्लॉक कर दिया था, जिससे वह मानसिक तनाव में थी। कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, प्रीति उसी रात छात्रावास परिसर की दीवार फांदकर बाहर निकली और रेलवे लाइन पर पहुंचकर ट्रेन के आगे आ गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई और न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित