गांधीनगर , फरवरी 24 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने नर्मदा जिले में दो नये पुलों के लिए 302.40 करोड़ रुपये स्वीकृत किये हैं।

श्री पटेल ने जनजातीय क्षेत्र नर्मदा जिले के 11 गांवों के 18 हजार से अधिक लोगों को जिला और तहसील मुख्यालय तक आवागमन के लिए आसान कनेक्टिविटी प्रदान करने का महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए इन दो नये पुलों में नर्मदा जिले के रेंगण घाट से रामपुरा घाट पर पुल निर्माण के लिए 123.13 करोड़ रुपए और शहेराव घाट से तिलकवाड़ा घाट को जोड़ने वाले पुल के लिए 179.27 करोड़ रुपए मंजूर किये हैं।

जनजातीय क्षेत्र नर्मदा जिले में इन दो पुलों के निर्माण से उत्तर और दक्षिण क्षेत्र के तिलकवाड़ा, वासण, रेंगण, रामपुरा, मांगरोल और शहेराव सहित अन्य गांवों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए भी आवागमन सुगम हो जाएगा तथा इन क्षेत्रों से स्कूल-कॉलेज में पढ़ाई के लिए जाने वाले छात्रों को मानसून के दिनों में भी आने-जाने के लिए बेहतर सड़क की सुविधा उपलब्ध होगी।

इतना ही नहीं, नांदोद और तिलकवाड़ा तहसील में हर साल चैत्र महीने के दौरान आयोजित होने वाली उत्तरवाहिनी परिक्रमा में आने वाले परिक्रमा यात्रियों को भविष्य में इन दोनों पुलों का लाभ मिलने से कुल 17 किलोमीटर की दूरी कम होगी, साथ ही समय और ईंधन की भी बचत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित