टिहरी , अगस्त 21 -- उत्तराखंड में टिहरी के नरेंद्रनगर क्षेत्र के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ी सौगात मिली है।

मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल के प्रयासों से नरेंद्रनगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक को गवर्नमेंट इंटीग्रेटेड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के रूप में विकसित किया जाएगा। संस्थान में इसी शैक्षणिक सत्र से बीटेक के दो नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

संस्थान में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की 60 और बीटेक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की 30 सीटें निर्धारित की गई हैं। दोनों पाठ्यक्रमों में कुल 90 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए शासन ने 18 शिक्षण और छह गैर-शिक्षण पदों के सृजन को भी मंजूरी दी है। शिक्षण पदों में दो प्रोफेसर, चार एसोसिएट प्रोफेसर और 12 असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल हैं।

शासनादेश के अनुसार नरेंद्रनगर का यह संस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कैंपस के रूप में संचालित होगा। प्रथम चरण में संस्थान के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचे के निर्माण का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। भवन, कक्ष, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय सहित अन्य सुविधाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

श्री उनियाल ने आज जानकारी देते हुए कहा कि नरेंद्रनगर को शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत केंद्र के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता रही है। कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च एवं रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के युवाओं को इन विषयों की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख कम करना पड़ेगा। इससे नरेंद्रनगर की पहचान एक आधुनिक शिक्षा केंद्र के रूप में भी मजबूत होगी।

शासनादेश के मुताबिक प्रवेश प्रक्रिया एआईसीटीई, नई दिल्ली की स्वीकृति, अनुमोदन अथवा मान्यता तथा विश्वविद्यालय की अनुमति मिलने के बाद संबंधित शैक्षणिक सत्र के अकादमिक कैलेंडर के अनुसार शुरू की जाएगी। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल नरेंद्रनगर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खोलने वाली मानी जा रही है।

तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने इस संबंध में शासनादेश 21 अगस्त 2026 को जारी किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित