श्रीगंगानगर , जून 12 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र में ठोस कचरा निस्तारण संयंत्र लगाये जाने के प्रस्ताव का ग्रामीणों द्वारा पिछले करीब दो महीने से सख्त विरोध किया जा रहा है।
पदमपुर तहसील के नरसिंहपुरा बारानी गांव में गौशाला के निकट ग्रामीण रोजाना गौशाला के समीप धरना दे रहे हैं। अब उन्होंने राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए ग्राम सेवा शिविर अभियान का भी बहिष्कार कर दिया है।
राज्य सरकार की ग्राम सेवाओं की शुरुआत के तहत शुक्रवार को नरसिंहपुरा और इससे सटी मांझूवास ग्राम पंचायत के सरकारी स्कूलों में ग्राम सेवा शिविर लगाये गये थे, लेकिन ग्रामीणों ने इन शिविरों का पुरजोर विरोध किया। परिणामस्वरूप दोनों पंचायतों के शिविरों में कोई कामकाज नहीं हो सका। शिविर में पहुंचे अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए लौट गये। गौरक्षा दल नरसिंहपुरा के संयोजक मैसी चौधरी ने बताया कि ग्रामीणों के अडिग रुख के कारण दोनों ग्राम पंचायतों के शिविर पूरी तरह खाली हाथ रहे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक नरसिंहपुर बरनी में प्रस्तावित ठोस कचरा निस्तारण संयंत्र का प्रस्ताव वापस नहीं लिया जाता तब तक इन गांवों में कोई भी ग्राम सेवा शिविर नहीं लगने दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित