सिवनी , अप्रैल 17 -- मध्यप्रदेश में सिवनी जिले के मुंगवानी कला गांव में नरवाई जलाने के कारण आग फैलने से करीब 50 खेत प्रभावित हो गए, जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार सिवनी विकासखंड के मुंगवानी निवासी पवन यादव अपने खेत में नरवाई जला रहा था। ग्रामीणों द्वारा मना करने के बावजूद उसने आग लगाई, जो तेज हवा के चलते बेकाबू होकर आसपास के खेतों तक फैल गई।

पटवारी की प्रारंभिक रिपोर्ट में नितेश ठाकुर के 100 पाइप, रामलाल यादव के 200 पाइप एवं तीन मोटर, नंदकिशोर यादव के 70 स्प्रिंकलर पाइप सहित अन्य किसानों की विद्युत वायरिंग जलने की पुष्टि हुई है।

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित