दंतेवाड़ा , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में कर्मचारियों ने नये श्रम कोड के अनुपालन की मांग करते हुए हड़ताल की चेतावनी दी है।

कर्मचारियों का कहना है कि नये श्रम कानून लागू होने से उन्हें उनके काम के बदले अधिक वेतन और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारियों ने नगरपालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, उपाध्यक्ष कैलाश मिश्रा और उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने 29 पुराने श्रम कानूनों को समाप्त कर श्रमिकों के हित में चार नये श्रम कोड लागू किये हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ में अभी तक इनका पूर्ण लाभ नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि राज्य में श्रम सुविधाएं केंद्र के मानकों के अनुरूप नहीं दी जा रही हैं, जिससे श्रमिकों में नाराजगी बढ़ रही है।

कर्मचारियों का कहना है कि नये श्रम कोड लागू होने से ठेका कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि होगी और उन्हें सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य लाभ मिलेंगे। दंतेवाड़ा में करीब 150 प्लेसमेंट कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में श्रमिक ठेका व्यवस्था के तहत काम कर रहे हैं।

नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 15 अप्रैल तक उनकी मांगों पर सरकार ध्यान नहीं देती है, तो सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। कर्मचारियों ने कहा कि वे दिनभर मेहनत करते हैं और उन्हें भी उचित वेतन व सुविधाएं मिलनी चाहिए।

संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जतायी कि राज्य सरकार केंद्र सरकार द्वारा लागू श्रम कोड के अनुरूप जल्दही आवश्यक कदम उठाएगी और कर्मचारियों की मांगों को पूरा करेगी, ताकि श्रमिकों में बढ़ती असंतोष की स्थिति समाप्त हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित