रायपुर , जून 15 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नये शैक्षणिक सत्र के 16 जून से प्रारंभ होने के अवसर पर प्रदेश के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं तथा सभी से प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में कहा कि 16 जून से 27 जून तक आयोजित होने वाला शाला प्रवेश उत्सव राज्य के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों और जागरूक नागरिकों से आग्रह किया कि वे ऐसे बच्चों की पहचान करें, जो अभी तक विद्यालय में प्रवेश नहीं ले पाए हैं अथवा बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं, और उन्हें पुनः स्कूल से जोड़ने में सहयोग करें।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय उनके सपनों को साकार करने की पहली सीढ़ी है। बच्चों से पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ विद्यालय जाने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का आह्वान किया।
श्री साय ने अपने संदेश में कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि छत्तीसगढ़ का कोई भी बच्चा शिक्षा और संस्कार से वंचित न रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित