नागपुर/वर्धा , फरवरी 17 -- महाराष्ट्र के वर्धा जिले में मंगलवार सुबह नयी दिल्ली-चेन्नई (तांबरम) ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस के एक कोच में आग लग गयी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन संख्या 12616 आज सुबह नागपुर से रवाना हुई थी और चेन्नई की ओर जा रही थी। इसी दौरान करीब 11:09 बजे पीछे गार्ड के डिब्बे में धुआं देखा गया। घटना के समय ट्रेन सिंदी रेलवे स्टेशन के करीब पहुंच रही थी। रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए ट्रेन को सिंदी और तुलजापुर सेक्शन के बीच रोक दिया। क्षतिग्रस्त डिब्बे को तुरंत ट्रेन के शेष रैक से अलग कर दिया गया और दमकल कर्मियों को सूचित किया गया। घटना में किसी यात्री के हताहत होने अथवा घायल होने की रिपोर्टें नहीं है और प्रभावित कोच सहित ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित