रायपुर , जनवरी 16 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के सहयोग से 'छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ चैंपियनशिप' के दूसरे संस्करण की आधिकारिक घोषणा की। यह टूर्नामेंट 3 से 6 फरवरी तक नया रायपुर के फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिज़ॉर्ट में आयोजित किया जाएगा, जो 2026 सीजन का पहला मुकाबला होगा।

राज्य में गोल्फ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस साल टूर्नामेंट की इनामी राशि को 1 करोड़ से बढ़ाकर 1.5 करोड़ कर दिया गया है। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी को 22.5 लाख का नकद पुरस्कार मिलेगा। इस हाई-प्रोफाइल इवेंट की शुरुआत 1 फरवरी को प्रो-एम इवेंट के साथ होगी, जिसमें शौकिया और पेशेवर खिलाड़ी एक साथ नजर आएंगे।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस अवसर पर कहा कि पहले संस्करण की भारी सफलता के बाद यह आयोजन छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक उभरते हुए केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। पीजीटीआई के अध्यक्ष और पूर्व क्रिकेटर कपिल देव ने भी राज्य सरकार के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे नए स्थानों पर गोल्फ का विस्तार भारतीय प्रोफेशनल गोल्फ के उज्जवल भविष्य का संकेत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित