कोरबा , सितंबर 10 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नया घर बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर सीमेंट के डंबल से पत्नी के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना पाली थाना क्षेत्र के शांति बस्ती वार्ड नंबर-9 की है। यहां रमेश डोंगरे (40) अपनी पत्नी बंधन कुंवर (39) के साथ रहता था। बुधवार सुबह दोनों के बीच नया घर बनाने की बात को लेकर विवाद हुआ। रमेश नया घर बनाकर वहां रहने की बात कह रहा था, जबकि बंधन कुंवर इसका विरोध कर रही थी।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रमेश ने गुस्से में सीमेंट के डंबल से बंधन कुंवर के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार उनकी शुरुआती जांच में सामने आया है कि रमेश और बंधन कुंवर दोनों की यह दूसरी शादी थी। रमेश अपनी पहली पत्नी को छोड़ने के बाद बंधन कुंवर से शादी कर उसके घर में रह रहा था। दोनों घर में अकेले रहते थे और उनकी कोई संतान नहीं थी।
सूचना पर पाली पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पाली थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी रमेश डोंगरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की है।
पुलिस ने रमेश डोंगरे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित