मोहाली/नया गांव , सितंबर 04 -- पंजाब के मोहाली के नया गांव में शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, व्यक्ति आज सुबह करीब पांच बजे ड्यूटी के लिए अपने घर से निकला था। करीब साढ़े छह बजे वह बेसुध हालत में पानी में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि व्यक्ति बिजली के खुले तारों की चपेट में आया हो सकता है। उनका आरोप है कि इलाके में कई स्थानों पर बिजली के तार खुले पड़े हैं और तारों का जाल बना हुआ है। बारिश के दौरान पानी जमा होने से ऐसे स्थानों पर करंट फैलने का खतरा और बढ़ जाता है। हालांकि, व्यक्ति की मौत करंट लगने से हुई या किसी अन्य कारण से, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और प्रशासन की ओर से भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों ने प्रशासन से खुले और जर्जर बिजली तारों की तत्काल जांच करवाने तथा खतरनाक स्थानों को सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों का सवाल है कि यदि बिजली व्यवस्था की लापरवाही हादसे की वजह बनी है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित