ऋषिकेश , मई 20 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के चौकी शिवपुरी क्षेत्र अंतर्गत नमामि गंगे घाट में गंगा नदी में डूबे युवक का शव चार दिन बाद बुधवार को संयुक्त खोज अभियान के दौरान बरामद कर लिया गया। युवक की तलाश में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), जल पुलिस एवं 40वीं वाहिनी पीएसी आपदा राहत दल लगातार अभियान चला रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 मई को नमामि गंगे घाट के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक तेज धारा में बहकर लापता हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ, जल पुलिस और आपदा राहत दल द्वारा संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू किया गया। टीमों ने गंगा नदी के संभावित स्थानों पर स्कूबा डाइविंग, राफ्ट तथा आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया।

बुधवार को खोज अभियान के दौरान 40वीं वाहिनी पीएसी आपदा राहत दल को गरुड़ चट्टी पुल के समीप गंगा नदी में एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला।

शव की पहचान वेद प्रकाश (24) पुत्र गिरिराज के रूप में हुयी है। वह राजस्थान के कोटकासिम थाने के चचियाबास निवासी था। बताया गया कि वह 16 मई को गंगा नदी में स्नान करते समय पैर फिसलने से तेज बहाव में बह गया था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित