शाहजहांपुर , सितम्बर 07 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही क्षेत्र में सोमवार सुबह नदी में नहाने गए चार बच्चों में से दो की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने सोमवार को बताया कि थाना निगोही क्षेत्र के पतराजपुर गांव में रहने वाले चार बच्चे आज सुबह कैमुआ नदी में नहाने गए थे इनमें से दो बच्चे गहरे पानी में चले गए और उनकी डूबने से मौत हो गई जबकि दो बच्चों ने जब इन्हें डूबते देखा तो शोर मचाया। इसी बीच ग्रामीण इकट्ठे हो गए और उन्होंने गहरे पानी में डूबे करन (10) तथा विनय (12) को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

श्री कुमार ने कहा है कि पूरे जिले में कई नदियों में भीषण बाढ़ के चलते ज्यादा पानी है ऐसे में उन्होंने अपील की है की नदियां तथा गहरे तालाब जहां भी ज्यादा पानी है वहां न जाए तथा बच्चों को बिल्कुल भी पानी के पास न जाने दें।पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित