बैतूल , अगस्त 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में घोड़ाडोंगरी चौकी पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बांसपुर नदी पुल के पास एक कच्ची झोपड़ी में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से आठ हजार 700 रुपये नकद, ताश के पत्ते और चार मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब दो लाख 68 हजार 700 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 09 अगस्त की रात करीब 12.05 बजे घोड़ाडोंगरी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक आशीष कुमरे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बांसपुर नदी पुल के पास बनी कच्ची झोपड़ी में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस के पहुंचते ही झोपड़ी में जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके से पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अर्जुन उइके (23), विवेक इरपाचे (29) और साहिल धुर्वे (18) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर सात से आठ लोग ताश के पत्तों के जरिए हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। तलाशी के दौरान जुए की रकम के रूप में आठ हजार 700 रुपये और ताश के पत्ते बरामद किए गए। इसके अलावा मौके पर मिली चार मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने फरार हुए अपने साथियों के नाम संतोष खंडेलवाल, संतोष अखंडे और सनी बताए। पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी आशीष कुमरे, प्रधान आरक्षक रमेश टेकाम तथा आरक्षक सतीश वाड़ीवा, सुरेश उइके और विनीत चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित