भीलवाड़ा , फरवरी 02 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के फूलियाकलां थाना क्षेत्र में खारी नदी पर सोमवार को तीन गांवों के ग्रामीणों ने बजरी खनन का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब तीन सौ लोगों की भीड़ ने नदी पर बने रॉयल्टी नाके में तोड़फोड़ कर दी और बजरी खनन पूरी तरह बंद कराने की मांग पर अड़ गए। स्थिति बिगड़ते देख फूलियाकलां, गुलाबपुरा सहित अन्य थानों से पुलिस जाब्ता मौके पर बुलाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाते रहे।
पुलिस ने बताया कि केकड़ी रोड स्थित खारी नदी में रॉयल्टी ठेकेदार द्वारा बजरी खनन किया जा रहा है। इसी से नाराज होकर फूलियाकलां, गणपतियाखेड़ा और सणगारी गांवों के लोग सोमवार मध्याह्न करीब 12 बजे नदी पर पहुंचे और खनन बंद करने की मांग को लेकर वहां बने नाके पर धावा बोल दिया। ग्रामीणों ने नाके पर लगी सोलर प्लेटें, सीमेंट के खंभे और कंप्यूटर उपकरण तोड़ दिए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक शाहपुरा ओमप्रकाश, फूलियाकलां के तहसीलदार और थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के साथ गुलाबपुरा सहित आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत करके हालात संभालने का प्रयास किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित