कोल्हापुर , अक्टूबर 17 -- स्वाभिमानी शेतकरी संगठन (एसएसएस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दबाव में आकर किसानों के हितों को प्राथमिकता दिए बिना नदियों से पानी लेने (पंपिंग) पर प्रतिबंध लगा दिया है।

एक प्रेस विज्ञप्ति में श्री शेट्टी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री शाह के दबाव में राज्य में किसानों के हितों के विरुद्ध फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि खेती के लिए पानी लेने पर लगाए गए प्रतिबंध को तुरंत वापस लिया जाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों के गन्ने को पानी के लिए तरसाने और चीनी मिलों को तुरंत चालू कराने के दबाव में यह फैसला लिया है और वह इस फैसले को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

श्री शेट्टी ने कहा कि सरकार को जनता के सामने बांध-वार हिसाब पेश करना चाहिए कि पश्चिमी महाराष्ट्र के बांधों में पानी का कितना भंडार उपलब्ध है, उसमें से कितना पेयजल के लिए आरक्षित है, कितना पानी औद्योगिक उपयोग के लिए स्वीकृत है और कितना पानी खेती के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित