समस्तीपुर , अक्टूबर 04 -- बिहार में समस्तीपुर जिला प्रशासन, गंगा समिति एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत जिले में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रविवार को शहर के बूढ़ी गंडक नदी स्थित प्रसाद घाट समेत विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को नदियों एवं जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, नगर आयुक्त गौतम कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, जिला परियोजना पदाधिकारी (नमामि गंगे) नीरजेश कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार, मेजर कुलदीप सिंह, लेफ्टिनेंट डॉ. राहुल मनहर तथा उप नगर आयुक्त विभूति आनंद सहित अन्य अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने सफाई अभियान में भाग लिया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि नदियों और जलाशयों को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को नदी एवं जलस्रोतों के संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए और अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जलस्रोतों के संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों को पानी की किल्लत से बचाया जा सकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास के किसी एक स्थान को चिन्हित कर नियमित रूप से उसकी सफाई का संकल्प लेना चाहिए।

श्री सिंह ने बताया कि विशेष स्वच्छता अभियान.आगामी 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जिले में स्वच्छता, जल संरक्षण एवं जन-जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

समस्तीपुर नगर निगम के आयुक्त गौतम कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। इसकी शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी चाहिए। अभियान के दौरान नदियों में कूड़ा-कचरा एवं पूजन सामग्री प्रवाहित नहीं करने का संकल्प लेते हुए व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम के अंत में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम में एनएसएस, एनसीसी और माय भारत के स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित