नदिया , अप्रैल 27 -- पश्चिम बंगाल के कल्याणी विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी अनुपम बिस्वास के समर्थन में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी और इलाके की सड़कें सोमवार को "वंदे मातरम", "भारत माता की जय", "जय श्री राम" और "बुलडोजर बाबा" के नारों से गूंज उठीं। ।

सोमवार सुबह जब मुख्यमंत्री का चुनावी रथ रवाना हुआ, तो सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में युवा और बुजुर्ग अपने नेता की झलक पाने के लिए मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाते दिखे, वहीं छतों पर खड़ी महिलाओं ने हाथ जोड़कर और "योगी-योगी" के नारों के साथ उनका स्वागत किया। बंगाल में "बुलडोजर बाबा" के नाम से मशहूर श्री आदित्यनाथ ने भी सड़क के दोनों ओर जमा भीड़ पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या भी मौजूद रहे।

रोड शो के दौरान आध्यात्मिक माहौल भी देखने को मिला। यूपी के मुख्यमंत्री के रथ के आगे भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और भगवान हनुमान के वेश में कलाकार चल रहे थे, जिनका लोगों ने श्रद्धापूर्वक अभिवादन किया। पूरे मार्ग में केसरिया झंडे और भाजपा के झंडे लहराते दिखाई दिए। कल्याणी में उमड़ी इस भीड़ ने विश्वास जताया कि भाजपा प्रत्याशी अनुपम बिस्वास की जीत सुनिश्चित है।

इस भीड़ ने "जय श्री राम" के नारे लगाए और इन नारों के बीच मतदाताओं ने श्री आदित्यनाथ से उपद्रवियों के खिलाफ 'बुलडोजर' का उपयोग करने का आग्रह किया, जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि चार मई के बाद बंगाल में माफिया राज का अंत हो जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित