बेंगलुरु , सितंबर 15 -- केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन में 25 साल पूरे होने के सफर को पार्टी के एक रिपोर्ट कार्ड के रूप में बदल दिया है।

श्री नड्डा ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में श्री मोदी के जन्मदिन से पहले पार्टी के प्रचार अभियान की रूपरेखा तैयार करने के लिए आर्थिक विकास, गरीबी में कमी, बुनियादी ढांचे के विस्तार, कल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा का विस्तृत ब्योरा पेश किया। उन्होंने महीने भर चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत करते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान को सिर्फ जन्मदिन का जश्न न मानकर इसे मोदी सरकार के केंद्र में 12 साल के कामकाज और उनके 25 साल के सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियों को सीधे जनता तक पहुंचाने के एक मौके के तौर पर पेश किया।

उन्होंने कहा, "यह सिर्फ किसी व्यक्ति के जन्मदिन का जश्न नहीं है। यह 140 करोड़ भारतीयों और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में की गई सेवा, सुशासन और कल्याणकारी कार्यों का जश्न है।" उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर, 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से लेकर सार्वजनिक पद पर 25 साल पूरे करने तक श्री मोदी का सफर प्रतिबद्धता का एक 'अटूट' रिकॉर्ड रहा है। इसमें राज्य से केंद्र तक जिम्मेदारियां तो बदलीं लेकिन उनका मिशन वही रहा।

श्री नड्डा ने कहा कि भाजपा इस महीने भर चलने वाले अभियान के दौरान कई कार्यक्रमों के जरिए सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी। उन्होंने इस अभियान को एक रिपोर्ट कार्ड की तरह पेश किया। उन्होंने कहा कि देश दुनिया की कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं की श्रेणी से निकलकर आज दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है और अब तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने अर्थव्यवस्था की गति के सबूत के तौर पर 2026-27 की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की विकास दर का जिक्र किया और इस बदलाव का श्रेय सरकार के 'सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन' के नजरिए को दिया। उन्होंने जीएसटी सुधारों और 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर टैक्स छूट जैसे कदमों का भी जिक्र किया, जिनसे उनके दावे के मुताबिक लाखों लोगों को फायदा पहुंचा है। उन्होंने गरीबी और कल्याण के मुद्दे पर दावा किया कि 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और कहा कि 'प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना' के तहत लगभग 80 करोड़ लाभार्थियों को हर महीने मुफ्त अनाज मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय हाईवे नेटवर्क 2014 में 91,000 किलोमीटर से बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर हो गया है, जबकि हवाईअड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 165 हो गई है। श्री नड्डा ने राष्ट्रीय सुरक्षा को भी अपने 'कामकाज के ऑडिट' का एक अहम हिस्सा बनाया। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट हवाई हमला, ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि श्री मोदी के दौर में आतंकवाद के प्रति भारत का रवैया बदला है। उन्होंने कहा, "हम किसी को छेड़ते नहीं हैं और अगर कोई हमें छेड़े तो हम उसे छोड़ते नहीं हैं।"उन्होंने प्रधानमंत्री की राजनीतिक प्रतिबद्धता के एक और उदाहरण के तौर पर अनुच्छेह 370 को हटाने का जिक्र किया। श्री नड्डा ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर कहा कि रक्षा उत्पादन 46,429 करोड़ रुपये से बढ़कर 1.78 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जबकि रक्षा निर्यात 686 करोड़ रुपये से बढ़कर 38,424 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा, "भारत अब सिर्फ सामान खरीदने वाला देश नहीं रहा बल्कि भारत सामान बेचने वाला देश बन गया है।"श्री नड्डा ने कल्याणकारी योजनाओं के आंकड़ों का भी जिक्र किया, जिनमें 11 करोड़ शौचालय, लगभग 10.33 करोड़ एलपीजी कनेक्शन और 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के तहत चार करोड़ घर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य बजट 2014 में 35,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,06,530 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि 63 करोड़ से अधिक लोग 'आयुष्मान भारत' योजना के दायरे में आये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित