नयी दिल्ली , अप्रैल 24 -- खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और स्थानीय पुलिस के नेतृत्व में संयुक्त कार्य बल ने एक बड़ी कार्रवाई में नजफगढ़ में प्रतिबंधित प्रदर्शन-वर्धक दवाओं और समय-सीमा समाप्त स्वास्थ्य पूरक आहार के अवैध वितरण केंद्र का भंडाफोड़ किया है।

राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) से मिली उच्च-प्राथमिकता वाली सूचना के बाद, यह छापेमारी मेसर्स गौरव वत्स न्यूट्रिशन पर की गयी, जिसे कथित तौर पर गौरव वत्स द्वारा चलाया जा रहा था। जांच में पता चला कि यह इकाई औषधि और प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत अनिवार्य लाइसेंस के बिना चलाई जा रही है।अधिकारियों ने लगभग 2,800 कैप्सूल और गोलियों के साथ प्रतिबंधित पदार्थों की 11 इंजेक्शन इकाइयों को जब्त किया, जिनमें मेथेनलोन एनानथेट, ट्रेनबोलोन और स्टैनोजोलोल जैसे एनाबॉलिक स्टेरॉयड के साथ-साथ मेथांडिएनोन और ऑक्सांड्रोलोन की गोलियां शामिल हैं। बड़ी मात्रा में चयनात्मक एण्ड्रोजन रिसेप्टर न्यूनाधिक (एसएआरएम) कैप्सूल और एडेनोसाइन मोनोफॉस्फेट इंजेक्शन भी बरामद किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित