पटना , जुलाई 13 -- ानसून के दौरान पटना को जलजमाव से मुक्त रखने तथा वर्षा के समय अधिकतम क्षेत्रों से त्वरित एवं स्वत: जल निकासी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पटना नगर निगम की ओर से बहुस्तरीय स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव-सह-बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर एवं नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने न्यू मार्केट, जीपीओ एवं आर ब्लॉक के पास विभिन्न स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान न्यू मार्केट स्थित लस्सी गली में जलनिकासी की धीमी गति की समस्या को लेकर स्थानीय दुकानदारों से बातचीत की गई। दुकानदारों ने बताया कि मुख्य सड़क की तुलना में लस्सी गली का स्तर लगभग ढाई फीट नीचे होने के कारण वर्षा जल की निकासी प्रभावित होती है, जिससे जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और व्यापारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इस दौरान पथ निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि क्षेत्र में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

इसके अतिरिक्त, बुडको के परियोजना निदेशक को चंद्रकला गली में ह्यूम पाइप बिछाकर उसे जीपीओ के समीप स्थित बॉक्स ड्रेन से जोड़ने के निर्देश दिए गए, ताकि जलनिकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

उल्लेखनीय है कि अस्थायी समाधान के तहत रविवार को नगर आयुक्त के निर्देश पर पटना नगर निगम द्वारा लस्सी गली में 10 एचपी तथा चंद्रकला गली में 26 एचपी क्षमता के पंप अधिष्ठापित किए गए हैं, जिससे वर्षा के दौरान जल निकासी में तेजी लाई जा सके।

वीर कुंवर सिंह पार्क के समीप स्थित नाले की क्षमता अपर्याप्त होने के कारण वहां जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है। इसके अस्थायी समाधान के लिए पटना नगर निगम ने एक कच्चे नाले का निर्माण कराया है, जिसे पार्क के मुख्य द्वार के पास स्थित सर्पेंटाइन नाले के बॉक्स कल्वर्ट से जोड़ा गया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नाले के आउटफॉल को और अधिक साफ एवं सुचारु बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जीपीओ के समीप बुडको द्वारा निर्मित बॉक्स ड्रेन का स्लैब हटाकर उसकी गहराई एवं साफ-सफाई की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बॉक्स ड्रेन की गहराई तथा उसकी साफ-सफाई दोनों ही संतोषजनक पाई गईं।

निरीक्षण के दौरान नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी, बुडको के परियोजना निदेशक, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं नूतन राजधानी प्रमंडल के सहायक अभियंता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित