श्रीगंगानगर , मार्च 25 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर शहर में नगरपालिका के दो कर्मचारियों द्वारा नगरीय विकास कर की वसूली में करीब 11 लाख रुपये की सरकारी राशि का गबन करने का मामला उजागर हुआ है।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अभिषेक गहलोत की शिकायत पर पुलिस ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश द्वारा की जा रही है।

श्री गहलोत ने नगर पालिका के दो कनिष्ठ सहायक कर्मचारी अश्विनी और दीपक पर गबन का आरोप लगाया है। अश्विनी पर 10 लाख आठ हजार 607 रुपये और दीपक पर 23 हजार 529 रुपये का गबन करने का आरोप है। दोनों कर्मचारियों को नगर पालिका क्षेत्र में नगरीय विकास कर की वसूली का दायित्व सौंपा गया था। इनके खिलाफ जब स्थानीय लोगों से शिकायतें प्राप्त हुईं, तो नगर पालिका प्रशासन ने आंतरिक जांच समिति गठित की।

जांच समिति ने पाया कि दोनों कर्मचारियों ने नगरीय विकास कर वसूली की रसीद जारी करते समय मूल प्रति की कार्बन प्रति में छेड़छाड़ करके कम राशि दर्ज की और अंतर की राशि गबन कर ली, जिससे नगर पालिका को वित्तीय हानि पहुंची। पुलिस ने बताया कि अब इस गबन से संबंधित सभी सरकारी रिकॉर्ड नगर पालिका से प्राप्त किये जा रहे हैं। रिकॉर्ड की जांच के बाद गबन की सही राशि और पूरी घटना का और स्पष्ट पता चलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित