श्रीगंगानगर , अगस्त 21 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नगर परिषद के आगामी चुनाव के लिये जिला उपाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता रतन गणेशगढ़िया को इस चुनाव का संयोजक नियुक्त किया है।
यह जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह राठौर के निर्देश पर जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह मान और जिला संगठन प्रभारी दशरथसिंह ने सौंपी है।
रतन गणेशगढ़िया को नगर परिषद के सभी 65 वार्डों में पार्टी के योग्य, सक्षम और मजबूत उम्मीदवारों का चयन करने के साथ-साथ उनकी जीत सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ वरिष्ठ नेता क्रांति चुघ को सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। इनके चुनावे दल में अन्य पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया जाएगा।
श्री गणेशगढ़िया लंबे समय से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता और संगठनकर्ता रहे हैं। उन्होंने शहरी निकाय चुनावों, पंचायती राज संस्थाओं, विधानसभा और लोकसभा चुनावों के साथ-साथ पार्टी के आंतरिक संगठन चुनावों में भी कई अहम दायित्व सफलतापूर्वक निभाए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित