अमृतसर , मई 06 -- पंजाब में अमृतसर नगर निगम (एमसीए) ने बुधवार को स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के अंतर्गत शहर भर में कार्यरत 1,700 सफाई सेवकों को लगभग 36 लाख रुपये मूल्य के सुरक्षा एवं संरक्षा उपकरण वितरित किये।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी 1,700 सफाई सेवकों को पीपीई किट, रेनकोट, सेफ्टी जैकेट, दस्ताने, कैप, सुरक्षा जूते तथा एप्रन उपलब्ध कराये गये। आगामी मानसून को देखते हुए इस वितरण का विशेष महत्व है, क्योंकि कठिन मौसम परिस्थितियों में भी सफाई कर्मचारी निरंतर अपनी सेवाएं देते रहते हैं।
नगर निगम आयुक्त बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और कार्यस्थल पर उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इन्हीं निर्देशों के अनुरूप नगर निगम द्वारा यह कल्याणकारी कदम उठाया गया है, ताकि सफाई कर्मचारी सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
इस पहल से कार्यस्थल पर जोखिम कम होंगे, कार्य परिस्थितियों में सुधार आएगा तथा शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाये रखने में लगे सफाई कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ेगा। अग्रिम पंक्ति के सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान कर नगर निगम शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सफाई सेवकों की मेहनत, समर्पण और निरंतर सेवा की सराहना की तथा दोहराया कि नगर निगम अमृतसर भविष्य में भी कर्मचारियों के कल्याण के लिए ऐसे प्रयास जारी रखेगा। सफाई कर्मचारियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए नगर निगम द्वारा उनकी सुरक्षा और भलाई के प्रति दिखायी गयी संवेदनशीलता की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित