भोपाल , जून 01 -- मध्यप्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की भोपाल इकाई ने नगर निगम भोपाल से जुड़े कथित निविदा अनियमितता मामले की जांच तेज करते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है।
ईओडब्ल्यू द्वारा जारी पत्र के अनुसार, नगर निगम भोपाल के अधिकारियों के खिलाफ क्लस्टर हाउस की निविदा प्रक्रिया में कथित वित्तीय अनियमितताओं संबंधी शिकायत की जांच की जा रही है। इसी मामले में शिकायतकर्ता के रूप में श्री बरोलिया को नौ जून 2026 को दोपहर 12 बजे ईओडब्ल्यू कार्यालय में उपस्थित होकर बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रकोष्ठ ने पत्र में कहा है कि शिकायत और प्रस्तुत तथ्यों के संबंध में पूछताछ की जानी है। इसके लिए संबंधित दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होना आवश्यक होगा।
सूत्रों के अनुसार, मामला नगर निगम की निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों के पालन को लेकर उठे सवालों से जुड़ा है, जिसमें कथित वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसी की इस कार्रवाई को मामले की गंभीरता के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित